बिलासपुर के लोगों को पुलिस ने दिलाया भूत से छुटकारा, जानें क्या था पूरा माजरा
बिलासपुर। भूत, प्रेत, पिशाच, आत्माएं इन सबका नाम आते ही हर किसी के मन में दहशत फ़ैल जाती है। अगर गलती से भी ऐसी किसी को कोई चीज किसी को दिख जाए तो जान हलक तक आ जाती है। वहीं बिलासपुर पुलिस ने शहर के लोगों को 2 भूतों से छुटकारा दिलाया है। बताया जा रहा है कि ये भूत शहर के लोगों को आए दिन परेशान कर रहे थे। कई लोग इनके खौफ से घर से बाहर तक नहीं निकलते थे। जानकारी के मुताबिक बीते दिनों बिलासपुर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए इन भूतों को पकड़ लिया जिससे शहरवासी अब राहत महसूस कर रहे हैं।
दरअसल, कई दिनों से शहर के लोग भूतों से डरे हुए थे। वेयरहाउस रोड पर लोगों को भूत सता रहा था। बीते शुक्रवार की रात को जब पुलिस को इन भूतों के बारे में खबर मिली तो वह तुरंत एक्शन में आ गई और उन्हें पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पुलिस को सूचना मिली की 2 युवक भेष बदल कर भूत की तरह तैयार होकर लोगों को डरा रहे थे और उनके साथ प्रैंक कर रहे थे। पुलिस ने 20 साल तिलक यादव और दीपक यादव को पकड़ा और थाने लेकर आए। हालांकि बाद में इन्हें समझा बुझा कर छोड़ दिया गया।