विपक्ष पर हमलावर हुए ओमप्रकाश राजभर, शिवपाल को लेकर भी किया बड़ा दावा, मची खलबली
साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए (NDA) गठबंधन में शामिल हुए सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर विपक्ष पर एक के बाद एक जुबानी हमले कर रहे हैं।

लखनऊ। साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए (NDA) गठबंधन में शामिल हुए सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर विपक्ष पर एक के बाद एक जुबानी हमले कर रहे हैं। गोरखपुर में उन्होंने कहा कि सुभासपा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का विकल्प बनकर उभरी है। उनकी पार्टी ने महिलाओं को एकजुट करने का काम किया है। सुभासपा के सम्मेलन में कम से कम 10 से 20 हजार लोग एकत्र होते हैं।
उन्होंने कहा ,मैनपुरी, सहारनपुर, झांसी और गोरखपुर में हुए सम्मेलन में सुभासपा की मजबूती साफतौर पर दिखती है और यही कारण है कि आज हर पार्टी सुभासपा को अपने साथ मिलाना चाहती है। राजभर ने कहा कि 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में सुभासपा का सपा के साथ गठबंधन था। इस गठबंधन ने 125 सीटों पर जीत हासिल की थी लेकिन सुभासपा ने अब सपा का साथ छोड़ दिया है। ऐसे में आने वाले लोकसभा चुनाव में सपा का खाता भी खुलना मुश्किल है। यही वजह है कि समाजवादी पार्टी परेशान है।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने संबोधन में ये भी कहा कि शिवपाल यादव को जमीनी सच्चाई का पता चल चुका है और अब वह भी जल्द ही सपा से किनारा कर लेंगे। संसद में विपक्ष द्वारा लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर हमला बोलते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। विपक्षी एकता के पास ताकत नहीं बची है, इसलिए चुनाव जीतने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने सपा को उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों पर मैदान में उतरने की चुनौती दी।
शिवपाल यादव को लेकर कही ये बात
भाजपा की विचारधारा के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने उसके साथ होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रही है और सभी देशवासियों को भी इसकी ख़ुशी मनानी चाहिए। वहीं शिवपाल यादव की तरफ से मिले प्रस्ताव को लेकर जब ओम प्रकाश राजभर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा शिवपाल खुद उनके साथ (सुभासपा) में आएंगे न कि वे दोबारा से अब सपा में शामिल होंगे। बता दें कि सुभासपा प्रमुख सर्किट हाउस में 8 जिलों के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।